
ब्यूरो चीफ आशीष त्रिपाठी
गोंडा प्राइम समाचार टुडे सीएम योगी के मार्गदर्शन में गोण्डा जिला प्रशासन द्वारा यह अनूठी पहल की जा रही है। दुर्गा महाष्टमी के पावन अवसर पर शक्ति वंदन 2.0 कार्यक्रम के तहत शक्ति सारथी थीम निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना और उन्हें सशक्त बनाना है।गोण्डा जिला प्रशासन ने बीते वर्ष शक्ति
वंदन कार्यक्रम की शुरुआत की थी। तब करीब 12 हजार कन्याओं का पूजन कर रिकॉर्ड स्थापित किया गया था। जिलाधिकारी नेहा शर्मा के नेतृत्व में यह अनूठी पहल की जा रही है, जिसमें ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों को महिलाओं के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।शक्ति सारथी पहल के तहत ऑटो चालकों का प्रशिक्षण महिला सुरक्षा को मजबूत बनाएगा और समाज में एक नया संदेश भेजेगा। कार्यक्रम का आयोजन आगामी 11 अक्टूबर को किया जाएगा। यह पहल इस बात पर आधारित है कि 90 प्रतिशत से अधिक महिलाएं यात्रा के लिए ऑटो या ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती हैं। शुरुआत में 1000 से अधिक ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को इस पहल के अंतर्गत शामिल किया गया है, जिन्हें महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों में सहायता प्रदान करने का प्रशिक्षण दिया गया है। भविष्य में इस कार्यक्रम को और भी विस्तारित किया जाएगा।
डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि शक्ति वंदन 2.0 के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। शक्ति सारथी पहल के अंतर्गत ऑटो चालकों को प्रशिक्षित किया गया है, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के यात्रा कर सकें। यह कार्यक्रम समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक बदलाव लाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यक्रम जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें कार्यक्रम स्थल पर उत्पन्न कचरे का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।